रांची : राजधानी रांची के हरमू स्थित पटेल चौक के पास महिला से मोबाइल लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों और एक विधि विरुद्ध किशोर को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

चाकू मारकर छीना था मोबाइल

यह घटना 30 अप्रैल 2026 की दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीन अपराधियों ने हरमू के पटेल चौक के पास एक महिला को निशाना बनाया था।

अपराधियों ने महिला पर चाकू से हमला कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। हमले में महिला घायल हो गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

अरगोड़ा थाना में दर्ज हुई थी प्राथमिकी

घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर 2 मई 2026 को अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) और 309(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता

पुलिस टीम ने जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

लगातार निगरानी और छापेमारी के बाद 19 मई 2026 को हरमू इलाके से दो अपराधियों और एक किशोर को पकड़ लिया गया।

बाइक, चाकू और मोबाइल बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल संख्या जेएच01एफवी6679 बरामद की गई है। इसके अलावा चाकू और महिला से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अली उर्फ सुफियान अली और अब्बू रेहान उर्फ आर्यन के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है। दोनों आरोपी हिंदीपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित निजाम नगर नदी ग्राउंड इलाके के निवासी हैं।

अन्य मामलों में भी जांच जारी

पुलिस ने एक विधि विरुद्ध किशोर को भी हिरासत में लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि आरोपियों का संबंध अन्य लूट या छिनतई की घटनाओं से तो नहीं है।

रांची पुलिस ने कहा है कि शहर में बढ़ती मोबाइल स्नैचिंग और लूट की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version