पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को सिवान में तैनात उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की गई। आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमों ने पटना, मुंगेर और सिवान स्थित उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप

आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचना के सत्यापन के बाद प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि अंकेश कुमार गोंड़ ने अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसके आधार पर 8 जुलाई 2026 को आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 13/26 दर्ज किया गया।

यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) तथा धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।

पांच ठिकानों पर एक साथ हुई छापेमारी

विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट मिलने के बाद आर्थिक अपराध इकाई की टीमों ने गुरुवार सुबह से ही पांच अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। इस कार्रवाई की निगरानी पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी कर रहे हैं।

2.36 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति होने का दावा

प्रारंभिक जांच में एजेंसी ने दावा किया है कि उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड़ ने अपनी ज्ञात आय से करीब 2 करोड़ 36 लाख 31 हजार रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। जांच एजेंसी के अनुसार यह उनकी वैध आय की तुलना में लगभग 201.97 प्रतिशत अधिक है।

इन्हीं तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पटना, मुंगेर और सिवान में चल रही जांच

आर्थिक अपराध इकाई की टीम जिन पांच स्थानों पर तलाशी ले रही है, उनमें पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर स्थित आवास, मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के चंदनबाग स्थित पैतृक आवास, मुंगेर के लल्लूपोखर स्थित व्यावसायिक भवन, सिवान स्थित उत्पाद विभाग का कार्यालय कक्ष तथा सिवान नगर थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर में स्थित किराये का आवास शामिल हैं।

दस्तावेज और बैंक रिकॉर्ड की हो रही जांच

छापेमारी के दौरान जांच टीम बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड, चल एवं अचल संपत्तियों के दस्तावेज, निवेश संबंधी कागजात तथा अन्य वित्तीय अभिलेखों की जांच कर रही है। साथ ही संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन का मिलान भी किया जा रहा है।

आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार तलाशी अभियान जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version