पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों की गिरफ्तारी और कथित फायरिंग की घटना पर नाराजगी जताते हुए सरकार को चेतावनी दी है कि यदि छात्रों को जल्द रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मामले वापस नहीं लिए गए, तो विपक्ष बड़ा आंदोलन करेगा।
छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश में पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से गोली चलाने जैसी घटना सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों से समझौते के बावजूद बिहार में हजारों छात्रों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है और उनके परिजनों को भी प्रताड़ित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि छात्रों को तत्काल रिहा नहीं किया गया, तो इसका राजनीतिक खामियाजा एनडीए सरकार को भुगतना पड़ेगा।
छात्रों के समर्थन में उतरे तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन का खुलकर समर्थन करते हुए कहा कि छात्र अपने भविष्य और अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
पटना लौटते ही दिया था अल्टीमेटम
लंबे समय बाद पटना लौटने पर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में भी तेजस्वी यादव ने सरकार को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि दिल्ली में छात्रों की मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने का फैसला हुआ था, लेकिन इसके बावजूद बिहार में छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
उन्होंने सरकार को सोमवार तक का समय देते हुए कहा था कि यदि तब तक छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और उन्हें रिहा नहीं किया गया, तो विपक्ष राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन शुरू करेगा।
सीवान फायरिंग मामले में जवान निलंबित
इधर, बिहार के सीवान जिले में छात्र प्रदर्शन के दौरान एक जवान द्वारा AK-47 से फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले की जांच कर संबंधित जवान को निलंबित कर दिया है। घटना की जांच जारी है।

