पटना: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। चुनावी प्रक्रिया के तहत गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी रेखा गुप्ता और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अभिषेक कुमार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के साथ दोनों उम्मीदवारों ने अपनी चल और अचल संपत्तियों का विवरण भी चुनावी हलफनामे में प्रस्तुत किया।
रेखा गुप्ता ने बताई करोड़ों की संपत्ति
आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के हलफनामे के अनुसार उनके पास कुल 81.61 लाख रुपये की चल संपत्ति और करीब 5.46 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनके नाम कंकड़बाग में व्यावसायिक भवन, बाकरगंज के दलदली रोड में आवासीय भवन तथा बिहटा में संपत्ति दर्ज है।
हलफनामे के मुताबिक उनके पास 500 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत 67.32 लाख रुपये, डेढ़ किलोग्राम चांदी, जिसकी कीमत 3.67 लाख रुपये, तथा करीब 90 हजार रुपये मूल्य की एनपी बोर राइफल भी है। इसके अलावा उनके ऊपर 2.79 करोड़ रुपये का बैंक ऋण भी दर्ज है।
पति की संपत्ति का भी किया खुलासा
हलफनामे में रेखा गुप्ता ने अपने पति रंजय कुमार की संपत्ति का भी उल्लेख किया है। उनके पति के पास 53.82 लाख रुपये की चल संपत्ति और 1.19 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनके पास 100 ग्राम सोने के आभूषण, एक रिवॉल्वर तथा 46.68 लाख रुपये का ऋण भी दर्ज है।
आपराधिक मामलों की भी दी जानकारी
रेखा गुप्ता ने अपने चुनावी हलफनामे में बताया है कि उनके खिलाफ कोतवाली थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से स्नातक बताई है।
बांकीपुर उपचुनाव में इस बार मुकाबला रोचक होने की संभावना है। मुख्य मुकाबला भाजपा और राजद के बीच माना जा रहा है, जबकि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। प्रशांत किशोर 11 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे।
त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है और उपचुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।
