गुमला: झारखंड के गुमला जिले से एक महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। गुमला थाना क्षेत्र के सतपारा-घटगांव निवासी प्रियंका कुमारी तमिलनाडु से ट्रेन के जरिए अपने घर लौट रही थीं, लेकिन निर्धारित समय पर रांची स्टेशन नहीं पहुंचीं। इसके बाद उनके पति ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर पत्नी का पता लगाने की मांग की है।
तमिलनाडु से रांची के लिए हुई थीं रवाना
आवेदन के अनुसार, सतपारा-घटगांव निवासी कमल खेरवार की पत्नी प्रियंका कुमारी 24 जून 2026 को तमिलनाडु के इरोड रेलवे स्टेशन से ट्रेन संख्या 13352 के माध्यम से रांची के लिए रवाना हुई थीं।
यात्रा के दौरान 25 जून की शाम तक उनकी पति से मोबाइल पर लगातार बातचीत होती रही। अंतिम बार शाम करीब 5:28 बजे विजयवाड़ा स्टेशन के पास दोनों के बीच बातचीत हुई थी। उस समय प्रियंका ने बताया था कि वह ट्रेन में सफर कर रही हैं। इसके बाद उनका मोबाइल अचानक बंद हो गया।
रांची स्टेशन पर नहीं उतरी महिला
परिजनों के अनुसार, 26 जून को ट्रेन के रांची पहुंचने के निर्धारित समय पर कमल खेरवार अपने परिवार के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे, लेकिन प्रियंका ट्रेन से नहीं उतरीं। काफी देर तक इंतजार और खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
पति ने बताया कि प्रियंका का टिकट इरोड से रांची तक का था और वह बी-1 कोच की सीट संख्या 64 पर यात्रा कर रही थीं।
पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग
घटना के बाद परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। कमल खेरवार ने गुमला थाना में आवेदन देकर पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और पत्नी का जल्द पता लगाने की मांग की है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए महिला की तलाश की जा रही है।

