रांची : मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने झारखंड के लोगों के लिए राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन 29 मई से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य के कई हिस्सों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके साथ ही तेज हवा, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, धनबाद, बोकारो, गुमला, कोडरमा और लोहरदगा जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
इन सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
पलामू और गढ़वा में हीट वेव का असर जारी
राज्य के उत्तर-पश्चिमी इलाके पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में फिलहाल गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में अगले कुछ दिनों तक हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। राज्य के करीब 10 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। दोपहर के समय कई शहरों की सड़कें सूनी नजर आ रही हैं।
डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म शहर
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 19.5 मिलीमीटर बारिश पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में रिकॉर्ड की गई।
वहीं डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
29 मई से मिल सकती है राहत
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 27 और 28 मई तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद 29 मई से 1 जून के बीच तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
