रांची : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बुधवार शाम तेज बारिश और हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। दिनभर की उमस और तेज धूप के बाद शाम करीब छह बजे आसमान में काले बादल छा गए और कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई।

करीब आधे घंटे तक हुई बारिश के बाद तापमान में लगभग चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।

11 और 12 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 11 और 12 जून के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

इन जिलों में तेज आंधी और वज्रपात की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा, साहिबगंज, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद और खूंटी जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसके साथ ही कई इलाकों में वज्रपात और मेघगर्जन की भी संभावना जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि 15 जून तक राज्य में मौसम का यह रुख बना रह सकता है।

दुमका में हुई सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 37.2 मिलीमीटर वर्षा दुमका में रिकॉर्ड की गई।

वहीं, राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज किया गया। दूसरी ओर सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड हुआ।

राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले चार दिनों में और गिरेगा तापमान

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 12 से 15 जून के बीच अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।

रांची के लिए अनुमानित तापमान इस प्रकार है—

  • 11 जून : अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस
  • 12 जून : अधिकतम 37 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
  • 13 जून : अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस
  • 14 जून : अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस

किसानों और आम लोगों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज आंधी और वज्रपात के कारण खड़ी फसलों, बागवानी और पौधारोपण को नुकसान पहुंच सकता है। खुले स्थानों पर मौजूद लोगों और मवेशियों के लिए भी खतरा बढ़ सकता है।

वज्रपात और आंधी के दौरान बरतें ये सावधानियां

  • खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहें।
  • खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें।
  • अनावश्यक यात्रा से बचें।
  • पेड़ों के नीचे शरण न लें।
  • बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें।
  • तालाब, नदी या अन्य जलस्रोतों से तुरंत बाहर निकल जाएं।
  • धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें।
  • सुरक्षित और पक्के भवन में ही आश्रय लें।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन आंधी और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करना जरूरी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version