रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। हालांकि इसका व्यापक असर पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है, जबकि झारखंड में सीमित प्रभाव रहने का अनुमान है। इसके बावजूद राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

5 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 5 जुलाई को खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में बादल छाए रहने, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग ने रांची के लिए 5 जुलाई को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

6 और 7 जुलाई के लिए भी जारी चेतावनी

मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 6 जुलाई को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा 7 जुलाई को रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिलों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मॉनसून सक्रिय, फिर भी झारखंड में 45 प्रतिशत कम बारिश

झारखंड में मॉनसून के प्रवेश को लगभग एक माह पूरा होने के बावजूद राज्य में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 4 जुलाई तक राज्य में सामान्य वर्षापात 226.3 मिमी होना चाहिए था, लेकिन इस अवधि में केवल 125.6 मिमी बारिश ही रिकॉर्ड की गई है। यह सामान्य से लगभग 45 प्रतिशत कम है।

राज्य के सभी 24 जिलों में वर्षा की स्थिति सामान्य से नीचे बनी हुई है। राजधानी रांची में भी सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश हुई है। यहां इस अवधि में सामान्य वर्षापात 235 मिमी के मुकाबले 201.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

बहरागोड़ा में सबसे अधिक हुई बारिश

शनिवार को राज्य में सबसे अधिक वर्षा पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में दर्ज की गई, जहां 23 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा चाईबासा में 21 मिमी और जमशेदपुर में 8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

रांची में दिनभर बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version