रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़े साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 12 से 14 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

12 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 12 जुलाई को जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।

वहीं रांची सहित अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

13 और 14 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

13 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश और वज्रपात का पूर्वानुमान है। अन्य जिलों में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

14 जुलाई को चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। रांची समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है।

गुमला में वज्रपात से दो लोगों की मौत

शनिवार को गुमला जिले के बसिया अनुमंडल क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से सिसई थाना क्षेत्र के छारदा गांव निवासी 65 वर्षीय शिव व्रत गोप तथा बसिया थाना क्षेत्र के महाराजगंज गांव निवासी 24 वर्षीय सुजीता कुमारी की मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

रांची का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस

शनिवार को रांची में 1 मिमी, हजारीबाग में 1 मिमी, गुमला में 4.5 मिमी, लोहरदगा में 2 मिमी और सिमडेगा में 1 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

अधिकतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया—

  • रांची – 28.1°C
  • जमशेदपुर – 33.4°C
  • मेदिनीनगर – 32.5°C
  • बोकारो – 32.1°C
  • चाईबासा – 33.5°C

सामान्य से कम हुई बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 1 जून से 11 जुलाई 2026 तक झारखंड में सामान्य से 36 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं रांची में सामान्य वर्षा की तुलना में 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

रांची में इस अवधि के दौरान सामान्य वर्षा 308.3 मिमी के मुकाबले 263.6 मिमी दर्ज की गई। जबकि मेदिनीनगर में 40 प्रतिशत और गढ़वा में 75 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version