रांची: झारखंड में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर फिलहाल बिहार और मणिपुर क्षेत्र में अधिक रहने के कारण राजधानी रांची में भारी बारिश के लिए लोगों को अभी दो से तीन दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को राज्य के नौ जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

रांची में कब होगी अच्छी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार रांची में बुधवार और गुरुवार को बादल छाए रहेंगे तथा एक-दो दौर की मध्यम बारिश हो सकती है। 14 जुलाई को राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

राज्य में अब भी सामान्य से कम बारिश

सोमवार को रामगढ़ में 8 मिमी और लोहरदगा में 2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं 1 जून से 12 जुलाई 2026 के बीच पूरे झारखंड में सामान्य से 40 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजधानी रांची में भी इस अवधि के दौरान औसत से 19 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।

सोमवार को ऐसा रहा तापमान

सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि जमशेदपुर में 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version