लातेहार: निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत महुआडांड़ अनुमंडल में मतदाताओं के बीच उत्साह देखा जा रहा है। अनुमंडल प्रशासन की पहल से मतदाताओं को अब घर बैठे ही अपने मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी त्रुटियों को सुधारने की सुविधा मिल रही है।

घर-घर पहुंच रहे हैं बीएलओ

प्रशासन की ओर से बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराकर उन्हें भरवा रहे हैं। इसके चलते लोगों को अब ब्लॉक कार्यालय या अन्य सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।

इस अभियान के तहत मतदाता नया नाम जोड़ने, नाम हटाने, नाम, आयु और पते में संशोधन सहित अन्य आवश्यक सुधार आसानी से करा सकते हैं।

एसडीएम ने लोगों से की सहयोग की अपील

महुआडांड़ के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) सुलेमान गुण्डारी ने लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और प्रशासन की टीम स्वयं उनके घर तक पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें तथा आवश्यक संशोधन समय रहते करा लें, ताकि भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने पर जोर

प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है, जिससे आगामी चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और समावेशी ढंग से संपन्न कराए जा सकें। प्रशासन ने क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं से अभियान का लाभ उठाने और अपने मताधिकार को सुरक्षित करने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version