रांची: भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 28 मार्च को एक दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचेंगे। वे राष्ट्रपति के विशेष विमान से सुबह करीब 11 बजे बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पहुंचेंगे।

उलीहातू में बिरसा मुंडा को देंगे श्रद्धांजलि

रांची पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति सीधे खूंटी जिले के उलीहातू के लिए रवाना होंगे, जो महान जननायक बिरसा मुंडा की जन्मस्थली है। यहां वे बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवाद करेंगे।

राजभवन में विश्राम, फिर IIM कार्यक्रम

उलीहातू से लौटने के बाद उपराष्ट्रपति राजभवन जाएंगे, जहां उनके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। भोजन और अल्प विश्राम के बाद वे भारतीय प्रबंधन संस्थान रांची के पुंदाग परिसर में आयोजित दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

प्रशासन ने तेज की तैयारियां

उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और प्रोटोकॉल को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। रांची और खूंटी प्रशासन को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

उसी दिन लौटेंगे दिल्ली

निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद उपराष्ट्रपति उसी दिन नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। राष्ट्रपति भवन की ओर से उनके दौरे की आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है।

यह दौरा राज्य के लिए विशेष महत्व रखता है, जहां एक ओर जनजातीय गौरव के प्रतीक बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी जाएगी, वहीं IIM रांची के दीक्षांत समारोह में उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version