रांची : अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार प्रदर्शन से देशभर में पहचान बना चुके युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अब एक नई जिम्मेदारी मिलने जा रही है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि वैभव सूर्यवंशी को स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें जल्द सम्मानित भी किया जाएगा।

कम उम्र में बनाया खास मुकाम

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि बेहद कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा और आक्रामक बल्लेबाजी से पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी टीम मुकाबला जीतने में सफल नहीं रही, लेकिन वैभव ने अपने प्रदर्शन से करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया।

मंत्री ने कहा कि कम उम्र में अनुभवी और तेज गेंदबाजों का जिस आत्मविश्वास के साथ सामना करना वैभव ने दिखाया है, वह उनकी असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि वैभव ने अपने खेल से यह साबित कर दिया है कि उनमें भविष्य का बड़ा क्रिकेट सितारा बनने की क्षमता है।

युवाओं को स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए करेंगे प्रेरित

इरफान अंसारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का काम करेगा। उनका मानना है कि वैभव की लोकप्रियता स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को मजबूत बनाने में मददगार साबित होगी।

उन्होंने कहा कि युवा वर्ग वैभव से प्रेरणा लेता है और उनके माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी संदेश अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाए जा सकेंगे।

जल्द झारखंड बुलाकर किया जाएगा सम्मानित

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी को जल्द झारखंड बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैभव ने न केवल अपने परिवार बल्कि बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

मंत्री ने कहा कि महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव ने मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की ऐसी मिसाल पेश की है, जिससे देशभर के युवा प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में वैभव भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

लगातार बढ़ रही है लोकप्रियता

वैभव सूर्यवंशी की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। हाल ही में उन्हें पोषण पेय ब्रांड कॉम्प्लान ने भी अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया था। उनकी बढ़ती लोकप्रियता और प्रभावशाली पहचान को देखते हुए कई संस्थाएं और कंपनियां उनसे जुड़ रही हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version