रांची: राजधानी रांची के हरिहर सिंह रोड स्थित योगामृत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का रविवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सेंटर के संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में ऐसे योग एवं स्वास्थ्य केंद्रों की शहर को बेहद आवश्यकता है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और समग्र जीवनशैली को बेहतर बनाने का प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की अपील की।
योगामृत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की संचालिका डॉ. संतोषी साहू ने बताया कि सेंटर में योग की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां सुबह और शाम दोनों समय नियमित योग कक्षाएं संचालित होंगी, ताकि विभिन्न आयु वर्ग के लोग अपनी सुविधा के अनुसार भाग ले सकें।
सेंटर के संचालक डॉ. मनीष ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा इच्छुक प्रतिभागियों के लिए योग शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम भी संचालित किया जाएगा, जिससे वे योग के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के अवसर भी हासिल कर सकें।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन अतुल शौर्य ने किया। उद्घाटन समारोह में शहर के कई गणमान्य अतिथि, चिकित्सक, योग प्रशिक्षक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
