धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के महुदा थाना क्षेत्र में ट्रक चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें जांच के दौरान पूरी कहानी उलट गई। पुलिस की तफ्तीश में खुलासा हुआ कि ट्रक चोरी की घटना पूरी तरह फर्जी थी और इसका मास्टरमाइंड खुद वाहन मालिक ही निकला।

फर्जी चोरी की कहानी से पुलिस को किया गुमराह

डीजे कॉलोनी, छत्रुटांड़ निवासी अविनाश कुमार राय ने अपने 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 बीके 6340) के चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल व टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो ट्रक के गुजरने का कोई प्रमाण नहीं मिला। इससे पुलिस का शक गहरा गया।

स्क्रैप गबन का खेल आया सामने

तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने राजगंज स्थित रेणुका इस्पात प्राइवेट लिमिटेड परिसर से ट्रक बरामद किया। वहां ट्रक से स्क्रैप उतारे जाने के संकेत मिले।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने कांड्रा बस्ती के बबलू शेख, निमाई महतो, राहुल और प्रकाश के साथ मिलकर स्क्रैप को अवैध रूप से बेचने की साजिश रची थी। इसके लिए फर्जी ई-वे बिल तैयार कर माल को मो. इम्तियाज सन्स के नाम पर खपाने की योजना बनाई गई थी।

कई लोगों पर मामला दर्ज

महुदा थाना में सहायक अवर निरीक्षक विनोद कुमार सिंह के प्रतिवेदन पर कांड संख्या 15/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में वाहन मालिक के अलावा अन्य आरोपियों के साथ-साथ कंपनी प्रबंधन को भी नामजद किया गया है।

मुख्य आरोपी जेल भेजा गया

पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश कुमार राय को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में धनबाद जेल भेज दिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और लगातार छापेमारी की जा रही है।

ट्रांसपोर्ट कारोबार पर उठे सवाल

इस खुलासे के बाद ट्रांसपोर्ट और स्क्रैप कारोबार में चल रही अवैध गतिविधियों पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version