हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,190 पेटी शराब से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

बिहार पुलिस की सूचना पर हुई संयुक्त छापेमारी

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को बिहार पुलिस की सीआईडी नारकोटिक्स टीम से सूचना मिली थी कि रसोईयाधमना के पास एक ट्रक में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लोड है, जिसे बिहार भेजने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर के नेतृत्व में बरही थाना पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।

घेराबंदी कर तीन तस्करों को दबोचा

पुलिस टीम को देखते ही एक आरोपी झाड़ियों की ओर भाग निकला। वहीं ट्रक और बिना नंबर की एक कार से भागने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को रसोईयाधमना टोल प्लाजा के आगे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरही निवासी राकेश कुमार (27 वर्ष), खिरोधर साव उर्फ गुलाब साव (32 वर्ष) और सन्नी कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि ट्रक में अवैध शराब लदी थी, जिसे स्थानीय तस्करों की मदद से बिहार पहुंचाया जाना था।

ट्रक से 32 हजार से अधिक बोतल शराब बरामद

पुलिस ने ट्रक संख्या एचपी-72डी-7889 से मैकडॉवेल्स नंबर-1 ब्रांड की कुल 1,190 पेटी अवैध शराब बरामद की। बरामद शराब में शामिल हैं—

  • 750 मिलीलीटर की 299 पेटी, कुल 3,588 बोतल (2,691 लीटर)
  • 350 मिलीलीटर की 592 पेटी, कुल 14,208 बोतल (5,328 लीटर)
  • 180 मिलीलीटर की 299 पेटी, कुल 14,352 बोतल (2,583.36 लीटर)

इस प्रकार कुल 32,148 बोतल, यानी 10,602.36 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।

ट्रक और कार भी जब्त

पुलिस ने शराब से भरे ट्रक के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में उत्पाद अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version