रांची: झारखंड में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और मौसम विभाग ने 8 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को राजधानी रांची में 7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के कई इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे।
इस बीच हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड के कंचनपुर गांव में खेत में काम कर रहे पति-पत्नी की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान बासुदेव महतो (51) और उनकी पत्नी दुलिया देवी (48) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
आज इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 7 अगस्त को गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं रांची सहित राज्य के अन्य जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
8 अगस्त को भी रहेगा बारिश का असर
8 अगस्त को झारखंड के दक्षिणी भाग के साथ गुमला और खूंटी जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन होने के आसार हैं।
8 से 10 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 8 से 10 अगस्त के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
