रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हरिराम बाबू के पार्थिव शरीर को शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय लाया गया, जहां कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पार्टी नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर कांग्रेस का ध्वज अर्पित कर उन्हें अंतिम सम्मान दिया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति : केशव महतो कमलेश

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हरिराम बाबू ने अपना संपूर्ण जीवन कांग्रेस की विचारधारा, संगठन और जनसेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि वे सादगीपूर्ण, कर्मठ और जनप्रिय नेता थे तथा उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

संघर्ष और जनसेवा की मिसाल थे हरिराम बाबू

राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि हरिराम बाबू का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, सेवा और जनहित के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। उन्होंने हमेशा समाज के वंचित, गरीब और कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की। उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।

हरमू मुक्ति धाम में हुआ अंतिम संस्कार

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि सभा के बाद दिवंगत हरिराम बाबू के पार्थिव शरीर को हरमू मुक्ति धाम ले जाया गया, जहां पूरे सामाजिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में मंजूर अहमद अंसारी, रोशन लाल भाटिया, राकेश सिन्हा, सुनीत शर्मा, राजेश गुप्ता छोटू, कामेश्वर गिरी, सुनील सिंह, कुमार राजा, राजन बर्मा, चंचल चटर्जी, धर्मेंद्र सिंह, रियाज अंसारी, उज्ज्वल तिवारी, जगदीश साहू और नरेंद्र लाल गोपी सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version