दुमका : दुमका जिले के रानीश्वर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई। यह हादसा रघुनाथपुर बरमसिया पथ पर रानीश्वर पुराने ब्लॉक गेट के पास हुआ।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतका की पहचान अंजली सिंह (14) के रूप में हुई है। वह रघुनाथपुर मोड़ की रहने वाली थी और प्लस टू हाईस्कूल रघुनाथपुर में दसवीं कक्षा की छात्रा थी।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार अंजली पढ़ाई में काफी अच्छी थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और स्कूल में शोक का माहौल बन गया।
तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक अंजली बुधवार सुबह साइकिल से कहीं जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अंजली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उसकी साइकिल वाहन में फंस गई और काफी दूर तक घसीटती चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटी का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आसपास मौजूद लोग भी इस दर्दनाक दृश्य को देखकर स्तब्ध रह गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने पर रानीश्वर थाना पुलिस और सीओ शांदा नुसरत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय एक सब्जी लदा वाहन और एक डंपर तेज गति से वहां से गुजरे थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

