रांची: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि मंगलवार को पूरे राज्य में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर विभिन्न जिलों में श्रद्धांजलि सभाएं, रक्तदान शिविर, सर्वधर्म प्रार्थना सभाएं और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के उनके पैतृक गांव नेमरा में आयोजित होगा।

मुख्यमंत्री करेंगे 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण

गोला प्रखंड के लुकैयाटांड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, झारखंड आंदोलनकारी और बड़ी संख्या में उपस्थित लोग गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

10 हजार लोगों के लिए की गई व्यवस्था

श्रद्धांजलि सभा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन स्थल पर करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, झारखंड आंदोलनकारी और सोरेन परिवार के सदस्य शामिल होंगे। सहयोगी दल कांग्रेस और राजद के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है।

कई योजनाओं की देंगे सौगात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र और परिसंपत्तियों का वितरण करेंगे। इसके साथ ही कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा।

एक साल में बदली नेमरा की तस्वीर

पिछले एक वर्ष में नेमरा गांव के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। गांव में नई सड़कें बनाई गई हैं, मोबाइल नेटवर्क को बेहतर किया गया है और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

इसके अलावा दो लाख लीटर क्षमता वाली जलमीनार का निर्माण अंतिम चरण में है। बरलंगा में उपस्वास्थ्य केंद्र और 50 बेड के अस्पताल का निर्माण भी किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जबकि नर्सीडीह में धुमकुड़िया भवन बनकर तैयार हो चुका है।

सिंचाई और कृषि को भी मिला बढ़ावा

गांव में नहर निर्माण के बाद लगभग 20 से 30 एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई संभव हो रही है। कई तालाबों का जीर्णोद्धार भी किया गया है। इन विकास कार्यों के चलते नेमरा अब पहले की तुलना में अधिक विकसित और आकर्षक दिखाई दे रहा है तथा आदर्श गांव बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version