रांची: झारखंड में मानसून के सक्रिय होते ही वज्रपात का कहर लगातार जारी है। रविवार को रामगढ़ और गिरिडीह समेत राज्य के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची मौसम केंद्र ने अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

रामगढ़ में चार और गिरिडीह में बच्ची समेत छह लोगों की मौत

रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड के सांकुल गांव में खेत में काम करने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से रेखा देवी (48) और उनकी पुत्री रोशनी कुमारी (22) की मौत हो गई। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

इसी प्रखंड की लाताड़ पंचायत के पलानी गांव में खेत में कार्य कर रही सुलेखा देवी उर्फ सुशांति (30) की भी आकाशीय बिजली गिरने से जान चली गई।

वहीं, दोहाकात पंचायत के पारलोलो टोला निवासी प्रमिला देवी (32) की भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई।

उधर, गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड में दीपिका नामक एक बच्ची की मौत वज्रपात से हो गई। वहीं, विष्णुगढ़ क्षेत्र में भी एक बच्ची की वज्रपात से मौत की सूचना है।

अगले पांच दिनों तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अगले पांच दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। 4 से 6 अगस्त के बीच राज्य के विभिन्न जिलों में 65 से 115 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

6 अगस्त को रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 5 अगस्त को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 6 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड में फिर से भारी वर्षा का दौर लौट सकता है।

इस दिन पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version