रांची: झारखंड में मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में दो से तीन घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश के साथ हुई तेज वज्रपात की घटनाओं में राज्यभर में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। अधिकांश लोग खेतों में काम करने के दौरान बिजली गिरने की चपेट में आए।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 8 अगस्त तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा का दौर जारी रहने की संभावना है। कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

रांची, कांके और लोहरदगा में हुई अच्छी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, लोहरदगा में 46 मिमी, रांची में 35 मिमी और रांची से सटे कांके में 76 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा मेदिनीनगर में 10 मिमी, बोकारो में 12 मिमी, खूंटी में 5 मिमी और सिमडेगा में 23 मिमी बारिश हुई।

वज्रपात से कई जिलों में 18 लोगों की मौत

वज्रपात से सबसे अधिक जनहानि अलग-अलग जिलों में हुई। पलामू के मोहम्मदगंज में पुष्पा देवी (38) की मौत हो गई। गढ़वा के रंका थाना क्षेत्र के सोनपुरवा गांव निवासी कदरून खातून (45) की भी जान चली गई।

लातेहार में सदर थाना क्षेत्र के जालिम गांव निवासी शिवनाथ उरांव की मौत हो गई, जबकि होटवाग गांव की निर्मला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। चंदवा प्रखंड के सुरली गांव निवासी उपेंद्र उरांव (18) की भी वज्रपात से मौत हो गई।

दुमका के रामगढ़ क्षेत्र में धान रोपाई के दौरान आलतामुनी मरांडी (20), बाबूलाल हेंब्रम (30) और रोहित कुंअर (35) की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। चतरा के लावालौंग थाना क्षेत्र के चानी गांव में संजय भुईयां (30) की भी बिजली गिरने से मौत हुई।

वहीं गिरिडीह में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में चार किशोरों समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल बताए गए हैं।

8 अगस्त तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 8 अगस्त तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात और बारिश की चेतावनी जारी की है।

5 अगस्त को गढ़वा, पलामू, लातेहार, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। रांची में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

6 अगस्त को रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और चतरा में भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

7 अगस्त को भी रांची, खूंटी, सिमडेगा, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, पलामू, गढ़वा, गुमला और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version