कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र स्थित नंदूडीह गांव में शुक्रवार देर रात वज्रपात की दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच हुए इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।

जानकारी के अनुसार, देर रात इलाके में तेज बारिश के साथ बिजली कड़क रही थी। इसी दौरान नंदूडीह गांव निवासी प्रदीप यादव के घर में उनकी पत्नी सरस्वती देवी, 15 वर्षीय दिव्यांग बेटा अंकित कुमार और बुआ मुंद्रिका देवी कमरे में खिड़की के पास बैठे थे। तभी अचानक तेज वज्रपात हुआ और बिजली घर की लोहे की ग्रिल वाली खिड़की पर गिर गई।

लोहे के संपर्क में आने से करंट तेजी से पूरे कमरे में फैल गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

शादी की खुशियां पलभर में बदलीं मातम में

बताया जा रहा है कि घर में कुछ ही दिन पहले शादी की खुशियां मनाई गई थीं। मृतका मुंद्रिका देवी अपने रिश्तेदार नीतीश कुमार की शादी में शामिल होने के लिए नंदूडीह गांव आई थीं और शनिवार को वापस लौटने वाली थीं।

घटना के समय घर के मालिक प्रदीप यादव एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए डोमचांच गए हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही वे तुरंत घर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

गांव में पसरा मातम, हर आंख नम

घटना के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। घर का दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। पूरे गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अंकित कुमार दिव्यांग था और परिवार का बेहद दुलारा था। उसकी मौत से परिजन पूरी तरह टूट गए हैं।

सूचना मिलने के बाद सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद नंदूडीह गांव समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अब केवल सन्नाटा और रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version