जामताड़ा : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव के पास छापेमारी कर पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

जामताड़ा एसपी शंभु कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी तेतुलबंधा गांव के समीप सुनसान इलाके में बैठकर लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

धरूवाडीह गांव के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करमाटाँड़ थाना क्षेत्र के धरूवाडीह गांव निवासी महेन्द्र कुमार मंडल, टिंकु कुमार मंडल और विकास कुमार मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका उपयोग कथित रूप से साइबर ठगी में किया जा रहा था।

फर्जी ग्राहक सेवा नंबर बनाकर करते थे ठगी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बैंक ग्राहकों को फोन कर उनके क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देते थे। इसके अलावा विभिन्न बैंकों और कंपनियों के फर्जी ग्राहक सेवा नंबर इंटरनेट पर अपलोड कर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।

जब कोई व्यक्ति सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क करता था, तब आरोपी उसे एक मोबाइल एप्लिकेशन फाइल डाउनलोड करने के लिए कहते थे। फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल का नियंत्रण उनके पास पहुंच जाता था, जिसके बाद वे बैंक खाते और कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम देते थे।

एक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महेन्द्र कुमार मंडल पहले भी साइबर अपराध के मामले में आरोपित रह चुका है। उसके खिलाफ साइबर अपराध थाना कांड संख्या 62/21 में आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका है।

वर्ष 2026 में अब तक 75 साइबर अपराधी गिरफ्तार

जामताड़ा पुलिस ने बताया कि जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनवरी 2026 से अब तक कुल 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

कार्रवाई में शामिल रही विशेष टीम

छापेमारी अभियान में साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल, इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार, अमृत कुमार राम सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version