जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिले में साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करते थे।

शनिवार को जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शंभू कुमार सिंह ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सहसपुर गांव में साइबर ठगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस निरीक्षक वैभव सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई में सहसपुर गांव से गुलाम अंसारी, शब्बीर अंसारी और कलाम अंसारी को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपी कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और लंबे समय से साइबर ठगी के धंधे में सक्रिय थे।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 10 फर्जी सिम कार्ड और करीब 19 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब जब्त सामान की जांच कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ठगी

एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी कुकू एफएम ऐप और पेटीएम कस्टमर केयर के नाम पर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद वे लोगों को झांसा देकर बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों से पैसे ठग लेते थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि साइबर अपराधी ठगी के लिए दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह देश के कई राज्यों के लोगों को निशाना बनाता था।

पहले से आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शब्बीर अंसारी का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। वह कई मामलों में विभिन्न थानों में वांछित रह चुका है।

प्रेस वार्ता में मनोज कुमार महतो, राजेश कुमार मंडल समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जामताड़ा में साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version