रांची: राजधानी रांची की यातायात व्यवस्था में अगले पांच वर्षों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पथ निर्माण विभाग ने शहर में ट्रैफिक कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए 10 नए फ्लाइओवर के निर्माण की योजना तैयार की है। प्रस्तावित परियोजनाओं पर करीब 3,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। भूमि अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग और अन्य कार्यों के बाद परियोजना की लागत और बढ़ सकती है।

पथ निर्माण विभाग ने अधिकांश परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली है। तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद इन्हें राज्य योजना प्राधिकृत समिति और मंत्रिपरिषद से मंजूरी दिलाकर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विभाग को उम्मीद है कि अगले दो वर्षों में इन परियोजनाओं पर काम शुरू हो जाएगा।

कांटाटोली-नेवरी फ्लाइओवर पर जल्द होगा प्रेजेंटेशन

सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में कांटाटोली से नेवरी तक प्रस्तावित फ्लाइओवर शामिल है। यह विभिन्न चरणों में कांटाटोली, कोकर चौक और बूटी मोड़ होते हुए नेवरी तक बनाया जाएगा। इस परियोजना को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।

प्रस्तावित 10 फ्लाइओवर परियोजनाएं

बरियातू रोड फ्लाइओवर

  • लंबाई: 5.2 किमी
  • अनुमानित लागत: 625 करोड़ रुपये
  • करमटोली स्थित लोकायुक्त भवन से रिम्स होते हुए सेवेन डे हॉस्पिटल तक फोरलेन फ्लाइओवर।
  • तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है।

कांके रोड फ्लाइओवर

  • लंबाई: 8.5 किमी
  • अनुमानित लागत: 850 करोड़ रुपये
  • एपीएन शाहदेव चौक से रिनपास होते हुए रिंग रोड तक फोरलेन फ्लाइओवर।
  • डीपीआर तैयार।

स्वर्णरेखा फ्लाइओवर

  • लंबाई: 5 किमी
  • अनुमानित लागत: 470 करोड़ रुपये
  • हिनू ओवरब्रिज से हरमू नदी किनारे होते हुए धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर मंदिर तक दो-दो लेन का फ्लाइओवर।
  • डीपीआर तैयार।

हरमू रिवर फ्लाइओवर

  • लंबाई: 2.2 किमी
  • अनुमानित लागत: 250 करोड़ रुपये
  • हरमू मुक्तिधाम से रेडिशन ब्लू तक नदी के दोनों किनारों पर दो-दो लेन का फ्लाइओवर।
  • फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार।

कांटाटोली-नेवरी फ्लाइओवर

  • कांटाटोली, कोकर चौक, बूटी मोड़ होते हुए नेवरी तक चरणबद्ध निर्माण।
  • मुख्यमंत्री के समक्ष जल्द प्रस्तुतीकरण प्रस्तावित।

मेकन-बिरसा चौक-डीपीएस रूट पर बनेंगे पांच फ्लाइओवर

करीब 630 करोड़ रुपये की लागत से इस कॉरिडोर में दो चरणों में पांच फ्लाइओवर बनाए जाएंगे।

प्रथम चरण

  • मेकन चौक से बिरसा चौक तक फोरलेन फ्लाइओवर।
  • हिनू चौक से एयरपोर्ट तक टू-लेन फ्लाइओवर।

द्वितीय चरण

  • डीपीएस चौक से खूंटी रोड तक टू-लेन फ्लाइओवर।
  • डीपीएस चौक से विधानसभा के आगे तक टू-लेन फ्लाइओवर।
  • पुराना विधानसभा से बिरसा चौक तक टू-लेन फ्लाइओवर।

राजधानी में कुल 17 फ्लाइओवर होंगे

राज्य सरकार पहले ही सिरमटोली-मेकन चौक और कांटाटोली-बहुबाजार फ्लाइओवर का निर्माण करा चुकी है। वहीं रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण एनएचएआई द्वारा किया गया है। बहुबाजार से सिरमटोली तक कनेक्टिंग फ्लाइओवर का निर्माण जारी है, जिसे वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा करमटोली-चिरौंदी, अरगोड़ा चौक और हरमू चौक-रातू रोड चौक फ्लाइओवर के लिए टेंडर जारी हो चुके हैं और अक्टूबर से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। प्रस्तावित 10 नई परियोजनाएं पूरी होने के बाद राजधानी रांची में कुल 17 फ्लाइओवर होंगे, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version