रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग ने 25 जुलाई से राज्यभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने का पूर्वानुमान जारी किया है। अगले तीन दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।

पिछले 24 घंटे में कई जिलों में अच्छी बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कोडरमा में सबसे अधिक 52 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सिमडेगा के कुरडेग में 26 मिमी, जबकि बालूमाथ और जमशेदपुर में 25-25 मिमी बारिश हुई। राजधानी रांची में भी दिनभर रुक-रुक कर हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा।

25 से 27 जुलाई तक इन जिलों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 25 जुलाई को लोहरदगा, रांची, गुमला, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में भारी बारिश हो सकती है।

26 जुलाई को हजारीबाग, रांची, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह और कोडरमा में तेज बारिश की संभावना है।

27 जुलाई को चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रांची और रामगढ़ में भारी वर्षा होने का अनुमान है। राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान बादलों से ढका रहेगा और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां सहित कई जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

बारिश से तापमान में मिलेगी राहत

लगातार बारिश और बादलों की वजह से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। रांची में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 से 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।

वहीं जमशेदपुर और बोकारो में भी मौसम सुहावना बना रहेगा। हालांकि पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में अपेक्षाकृत कम बारिश होने के कारण अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version