रांची: राजधानी रांची के डिबडीह रेलवे फाटक के पास देर रात हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात लोगों द्वारा एक राउंड गोली चलाए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
बाइक सवार युवक पर शक
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक सवार एक युवक द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
खोखा नहीं मिलने से बढ़ा संदेह
मौके पर पहुंची पुलिस को कोई भी खोखा बरामद नहीं हुआ है। इस आधार पर पुलिस को शक है कि फायरिंग असली हथियार से नहीं बल्कि एयर गन से की गई हो सकती है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
हर एंगल से जांच जारी
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
