रांची: ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रचारात्मक सांस्कृतिक कार्यक्रम के आठवें दिन लोक संस्कृति और जनजागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। 16 जुलाई से चल रहे इस आयोजन में विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने झारखंड की समृद्ध लोक परंपराओं के साथ राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

भगवान जगन्नाथ की वंदना से हुई शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ खुखुरागढ़ सांस्कृतिक कला केंद्र के कलाकार सुदामा सिंह द्वारा भगवान जगन्नाथ की वंदना से हुआ। इसके बाद उनके नेतृत्व में प्रस्तुत मर्दानी झूमर और नागपुरी गीत-नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना दिया।

पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख ने की पहल की सराहना

कार्यक्रम में पहुंचे पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख ने झारखंड सरकार और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाग एक ओर जनोपयोगी संदेशों का प्रभावी प्रचार-प्रसार कर रहा है, वहीं दूसरी ओर झारखंड की लोक कला और संस्कृति के संरक्षण तथा कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य भी कर रहा है।

लोकगीत, नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता का संदेश

परफॉर्मिंग आर्ट सेंटर की कलाकार नीतू देवी के नेतृत्व में नागपुरी गीत-नृत्य और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं हीरा नागपुर सांस्कृतिक कला केंद्र के कलाकार रतन लोहरा के नेतृत्व में नागपुरी गीत-नृत्य के साथ नशा मुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

24 और 25 जुलाई को भी होंगे कार्यक्रम

विभाग ने बताया कि 24 जुलाई को कार्यक्रम के नौवें दिन प्रज्वलित विहार के आर.आर. मेहता के नेतृत्व में उरांव लोकगीत-नृत्य, छोटानागपुरी कला केंद्र के मेघनाथ महतो के नेतृत्व में नागपुरी गीत-नृत्य तथा समाज कल्याण मंच के हरिराम करमाली के नेतृत्व में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। वहीं 25 जुलाई को घूरती रथ मेला के अवसर पर इस सांस्कृतिक श्रृंखला का समापन होगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजेश बड़ाईक, सोमनाथ मिंज, सुलेखा मीना कच्छप, एकलव्य भगत, छोटी तिर्की, पूनम, अमित, अजय, अनुज उरांव सहित विभागीय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version