रांची : रांची के मोरहाबादी प्राइम पार्क के पास मंगलवार को वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की थार गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद फरार वाहन का नंबर ट्रेस कर संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरियातू निवासी विश्राम उरांव (38 वर्ष) के रूप में हुई है।

संदिग्ध वाहन को रोकने का किया गया था प्रयास

रांची पुलिस ने बताया कि नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान मोरहाबादी क्षेत्र से एक काले रंग की थार तेज गति और लापरवाही से आती दिखाई दी। वाहन पर पूरी तरह काली फिल्म लगी हुई थी, आगे का शीशा टूटा हुआ था और पीछे का पंजीकरण नंबर मिट्टी से ढका हुआ था।

वाहन की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय पुलिस टीम की ओर ही गाड़ी मोड़ दी। आरोप है कि चालक ने तेज रफ्तार में पुलिस वाहन को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस चालक घायल, सिर पर आए गंभीर चोट

घटना में पेट्रोलिंग वाहन के चालक को गंभीर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, चालक के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिसके कारण उन्हें पांच टांके लगाने पड़े। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

वाहन जब्त, आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन पर काली फिल्म लगाने और पंजीकरण नंबर छिपाने के पीछे कोई अन्य उद्देश्य तो नहीं था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version