कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुख्यमंत्री पद के लिए मुहर लग गई है। पार्टी की अहम बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से सहमति बनी, जिसके बाद भाजपा ने आधिकारिक तौर पर उन्हें विधायक दल का नेता घोषित कर दिया।

सुवेंदु अधिकारी शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भाजपा की ओर से आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। उनके साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए, जिनमें सुनील बंसल, अमित मालवीय, बिप्लब देब, निशित प्रमाणिक, अग्निमित्रा पाल और शंकर घोष प्रमुख रहे।

पहली बार बंगाल में भाजपा की सरकार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद राज्य में पहली बार पार्टी की सरकार बनने जा रही है। विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम पर अंतिम सहमति बनने के बाद राजनीतिक हलकों में नई सरकार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मंत्रिमंडल में कई बड़े चेहरों को मिल सकती है जगह

सूत्रों के मुताबिक नई सरकार के संभावित मंत्रिमंडल को लेकर भी मंथन जारी है। भाजपा नेता दिलीप घोष, शंकर घोष, स्वपन दासगुप्ता, निशित प्रमाणिक, जितेंद्र तिवारी और शरद्वत मुखर्जी को मंत्री बनाया जा सकता है।

इसके अलावा नीलाद्रि शेखर और प्रणत टुडू के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं रुद्रनील घोष, दुधकुमार मंडल और बंकिम घोष भी मंत्री पद की दौड़ में मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।

ब्रिगेड ग्राउंड में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह

नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। भाजपा इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी में जुटी है।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इस खास अवसर पर मौजूद रहेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version