लातेहार: जिले के बालूमाथ प्रखंड में डीएसपी आवास के समीप बुधवार को एक नीलगाय तारों के जाल में फंस गई। काफी देर तक फंसे रहने के कारण वह घायल हो गई और खुद को छुड़ाने के लिए लगातार संघर्ष करती रही।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राथमिक उपचार के बाद वन विभाग ने अपने संरक्षण में लिया

रेस्क्यू के बाद पशु चिकित्सक डॉ. नीलिमा तिर्की और उनकी टीम ने मौके पर ही घायल नीलगाय का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार होने पर वन विभाग की टीम उसे आगे की देखभाल और निगरानी के लिए अपने साथ ले गई।

वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से नीलगाय की जान बच गई, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की।

खुले तार वन्यजीवों के लिए बन रहे खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर रेस्क्यू नहीं किया जाता, तो नीलगाय की जान भी जा सकती थी। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में खुले और बिखरे पड़े तारों को जल्द हटाने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, ऐसे खुले तार वन्यजीवों के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। आए दिन नीलगाय सहित अन्य जंगली जानवर इनकी चपेट में आकर घायल हो रहे हैं। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version