रांची: झारखंड की राजधानी रांची के सदर अस्पताल में मरीजों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की गई है। यहां अब ऑर्थोपेडिक से जुड़ी विभिन्न बीमारियों और सर्जरी के लिए सब-स्पेशियलिटी क्लिनिक की शुरुआत कर दी गई है। इसके साथ ही अस्पताल प्रबंधन ने साप्ताहिक ओपीडी का टाइम टेबल भी जारी कर दिया है।
सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी
नई व्यवस्था के तहत ओपीडी का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान मरीज अपनी समस्या के अनुसार निर्धारित दिन पर विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श ले सकेंगे।
लंबी कतारों से मिलेगी राहत
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सब-स्पेशियलिटी क्लिनिक की शुरुआत से मरीजों को सही समय पर सही विशेषज्ञ से इलाज मिलेगा। इससे न केवल इलाज की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि लंबी कतारों और अनावश्यक प्रतीक्षा से भी राहत मिलेगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि हड्डियों और जोड़ों से संबंधित बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में इस तरह की व्यवस्था मरीजों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।
दिनवार क्लिनिक शेड्यूल
अस्पताल द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार अलग-अलग दिन अलग बीमारियों के लिए क्लिनिक संचालित होंगे:
- सोमवार: ज्वॉइंट रिप्लेसमेंट और एडल्ट रिकंस्ट्रक्शन क्लिनिक (घुटना, कूल्हा, कंधा)
- मंगलवार: स्पोर्ट्स मेडिसिन क्लिनिक (लिगामेंट इंजरी, घुटना व कंधा)
- बुधवार: स्पाइन सर्जरी और टीबी स्पाइन क्लिनिक
- गुरुवार: हैंड, फुट और एंकल क्लिनिक (ट्रॉमा और विकृतियां)
- शुक्रवार: पीडियाट्रिक ऑर्थो क्लिनिक (बच्चों की हड्डी संबंधी समस्याएं)
- शनिवार: ऑर्थोपेडिक ऑन्कोलॉजी क्लिनिक (हड्डियों का कैंसर और ट्यूमर)
मरीजों से अपील
अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों से अपील की है कि वे अपनी समस्या के अनुसार तय दिन पर ही अस्पताल आएं, ताकि उन्हें बेहतर और त्वरित इलाज मिल सके।

