रांची: राजधानी रांची में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने सभी थाना प्रभारियों और डीएसपी को तत्काल प्रभाव से विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

स्कूल वाहनों की होगी सघन जांच

जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों का दौरा करेंगे और बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों, जैसे स्कूल बस, वैन और ऑटो की सघन जांच करेंगे। साथ ही इन सभी वाहनों का विस्तृत डाटाबेस तैयार कर रिपोर्ट एसएसपी कार्यालय को सौंपने को कहा गया है।

ये जानकारी की जाएगी एकत्र

जांच के दौरान पुलिस वाहन का निबंधन संख्या, प्रकार, मालिक का नाम, संपर्क नंबर और स्थायी पता दर्ज करेगी। यदि वाहन किसी ट्रांसपोर्टर के अधीन संचालित हो रहा है, तो उससे संबंधित विवरण भी जुटाया जाएगा।

इसके अलावा ड्राइवर और सहायक का नाम, मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्रों की जानकारी भी ली जाएगी, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

पुलिस वेरिफिकेशन और फिटनेस जांच अनिवार्य

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी ड्राइवरों और सहायकों का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। जिनका सत्यापन नहीं हुआ है, उनका तत्काल वेरिफिकेशन शुरू किया जाएगा।

इसके साथ ही सभी वाहनों की फिटनेस जांच कराने और स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर स्कूल प्रबंधन से अनिवार्य रूप से बातचीत करने के निर्देश दिए गए हैं।

घटना के बाद प्रशासन हुआ सख्त

गौरतलब है कि हाल ही में कोतवाली थाना क्षेत्र में एक स्कूल वाहन चालक द्वारा तीन वर्षीय बच्ची के साथ गलत हरकत का मामला सामने आया था। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।

इसी घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसएसपी ने यह सख्त निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version