रांची : राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एसएसपी राकेश रंजन बीती देर रात खुद सड़कों पर उतर आए। उन्होंने शहर के कई प्रमुख थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों और जवानों की मुस्तैदी का जायजा लिया। इस दौरान सिटी एसपी पारस राणा भी उनके साथ मौजूद रहे।
आधी रात हुए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। एसएसपी ने विभिन्न थाना क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, रिकॉर्ड संधारण और रात्रि गश्ती व्यवस्था की जांच की।
अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थानेदारों और पुलिस पदाधिकारियों से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
इसके साथ ही रात में गश्ती दल को अधिक सक्रिय रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।
“रात्रि गश्ती में लापरवाही बर्दाश्त नहीं”
एसएसपी राकेश रंजन ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राजधानी में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रात्रि गश्ती में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
देर रात वाहन जांच अभियान भी चलाया गया
जानकारी के मुताबिक निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर वाहनों की जांच भी की गई। देर रात घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान की जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
