रांची: झारखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं और उनकी जानकारी का सत्यापन कर रहे हैं।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची के कांके रोड स्थित अपने सरकारी आवास पर स्वयं एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया। उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना फॉर्म भरकर निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित की।

लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए फॉर्म भरने की अपील

फॉर्म जमा करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के सभी मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना विशेष गहन पुनरीक्षण फॉर्म भरने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने लोगों से स्वयं फॉर्म भरने के साथ-साथ अपने परिवार, पड़ोसियों और अन्य नागरिकों को भी इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई प्रक्रिया

मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन का फॉर्म भरने की प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बूथ लेवल अधिकारी वेरोनिका देवी ने दोनों का एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाया।

इस दौरान रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

घर-घर पहुंच रहे हैं बूथ लेवल अधिकारी

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत राज्यभर में बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में शामिल विवरणों को अद्यतन करना तथा पात्र मतदाताओं की जानकारी को सही रूप में दर्ज करना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version