रांची: रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत हटिया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 16.9 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 8.45 लाख रुपये बताई जा रही है।
चेकिंग अभियान में मिली सफलता
यह कार्रवाई कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर रांची रेल मंडल में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। 8 अप्रैल को आरपीएफ पोस्ट हटिया और सीआईबी रांची की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
संदिग्ध युवक पर हुई कार्रवाई
चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 के फुट ओवरब्रिज के नीचे एक युवक ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध स्थिति में बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल पुरकायत, निवासी जगन्नाथपुर, रांची बताया।
बैग से बरामद हुआ गांजा
तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद दो ट्रॉली बैग से तीन पैकेट गांजा बरामद किए गए। जांच में इसका कुल वजन 16.900 किलोग्राम पाया गया।
ओडिशा से लाया गया था गांजा
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अंगुल से गांजा लेकर ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस के जरिए हटिया पहुंचा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जीआरपीएस हटिया को सौंप दिया गया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

