रांची: सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम

राजधानी रांची की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, आधुनिक और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जल्द ही छोटी इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। शहर की सड़कों की चौड़ाई और तंग मोड़ों को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम और नगर विकास विभाग ने मंथन के बाद यह निर्णय लिया है।

शहर की सड़कों के अनुरूप होंगी बसें

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि रांची की कई मुख्य और संपर्क सड़कों पर बड़ी बसों के संचालन और मोड़ लेने में कठिनाई होती है, जिससे अक्सर यातायात जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में छोटी इलेक्ट्रिक बसें संकरी सड़कों और तंग मोड़ों पर भी आसानी से संचालित की जा सकेंगी।

उन्होंने कहा कि इन बसों के संचालन से शहर में ध्वनि और वायु प्रदूषण कम होगा। साथ ही लोगों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

फिलहाल दो दर्जन डीजल बसों से चल रही व्यवस्था

वर्तमान में रांची नगर निगम के पास लगभग दो दर्जन डीजल बसें संचालित हैं, जो शहर की बढ़ती आबादी और परिवहन जरूरतों के मुकाबले पर्याप्त नहीं हैं। नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से नगर निगम के बस बेड़े का विस्तार होगा और अधिक क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन की पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी।

रूट और चार्जिंग व्यवस्था पर चल रहा काम

नगर विकास विभाग के निर्देश पर रांची नगर निगम छोटी इलेक्ट्रिक बसों के लिए रूट निर्धारण, चार्जिंग अवसंरचना विकसित करने और निविदा प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

नगर निगम का मानना है कि इस पहल से शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और रांचीवासियों को पर्यावरण-अनुकूल, आधुनिक तथा सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध हो सकेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version