जमशेदपुर : यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के विरोध में रेल यात्री संघर्ष समिति ने 26 अप्रैल को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसको लेकर केबुल टाउन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी शामिल हुए।

अभियान को सफल बनाने की रणनीति

बैठक में सरयू राय ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15-15 लोगों की टीमें बनाई जाएंगी, जो टाटानगर रेलवे जंक्शन के सभी प्लेटफॉर्म पर जाकर यात्रियों से संवाद करेंगी और उनकी समस्याओं का फीडबैक लेंगी। इसके लिए पर्चे भी वितरित किए जाएंगे, जिनमें क्यूआर कोड शामिल रहेगा, ताकि यात्री डिजिटल माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज कर सकें।
साथ ही स्टेशन के बाहर एक व्हाइट बोर्ड लगाया जाएगा, जिस पर यात्रियों के हस्ताक्षर लिए जाएंगे।

घाटशिला ठहराव और देरी पर उठे सवाल

बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठा कि कई यात्री घाटशिला के होते हैं, लेकिन अधिकांश ट्रेनों का वहां ठहराव नहीं होता। ऐसे में यदि ट्रेन टाटानगर देर से पहुंचती है, तो यात्रियों को घाटशिला जाने में और अधिक समय लगता है।
इसके अलावा यह सवाल भी उठाया गया कि यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया है। चक्रधरपुर डिवीजन के डीआरएम से इस संबंध में स्पष्ट जवाब देने की मांग की गई।

जदयू की बैठक में भी रणनीति तय

इसी मुद्दे को लेकर जदयू महानगर इकाई की भी बैठक हुई। महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने 26 अप्रैल के कार्यक्रम को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने सुझाव दिया कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए टोली बनाकर अभियान चलाया जाए।

रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से 26 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचकर अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। साथ ही सामाजिक संगठनों से भी इसमें भागीदारी की अपील की गई।

बैठक में कई प्रमुख कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में बैठक का संचालन राजीव कुमार ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश कोया ने दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version