रांची : झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली श्रेया कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए “मिस इंडिया 2026” का खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में इंडियन फिटनेस एंड बॉडीबिल्डिंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर यह उपलब्धि हासिल की।
इस उपलब्धि के बाद सोमवार को उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अर्जुन मुंडा ने उन्हें उनकी सफलता के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
झारखंड की प्रतिभा ने बढ़ाया मान
श्रेया कुमारी की इस उपलब्धि से पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खुद को साबित किया और राज्य का नाम रोशन किया।
अर्जुन मुंडा ने की सराहना
मुलाकात के दौरान अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही अवसर और मंच देने की है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

