देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 में इस बार श्रद्धालुओं को आस्था के साथ आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले को और आकर्षक और भव्य बनाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से शिवलोक परिसर में गुरुवार (30 जुलाई) शाम 7 बजे भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में सैकड़ों ड्रोन आसमान में उड़ान भरते हुए भगवान शिव, बाबा बैद्यनाथ धाम और श्रावणी मेले से जुड़ी दिव्य एवं आध्यात्मिक आकृतियां प्रदर्शित करेंगे।

पांच किलोमीटर तक दिखाई देगा ड्रोन शो

पर्यटन विभाग के अनुसार, ड्रोन शो का आनंद मंदिर परिसर से लगभग पांच किलोमीटर के दायरे तक लिया जा सकेगा। अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक के माध्यम से महादेव की भव्य छवि और श्रावणी मेले से जुड़े धार्मिक प्रतीकों को आसमान में साकार किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता के साथ आधुनिक तकनीक का भी विशेष अनुभव मिलेगा।

लेजर लाइट और लाइट एंड साउंड शो भी होंगे आकर्षण

श्रावणी मेले की भव्यता बढ़ाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड शो का भी आयोजन किया जाएगा। लेजर लाइट शो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा, जबकि लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ धाम और देवघर के पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए बनेगा यादगार अनुभव

प्रशासन का मानना है कि धार्मिक आस्था और आधुनिक तकनीक के इस अनूठे संगम से श्रावणी मेला 2026 की भव्यता कई गुना बढ़ेगी। ड्रोन शो, लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से बाबा नगरी आने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं को एक यादगार और विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version