सरायकेला: सरायकेला में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक रथयात्रा एवं मेले को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने गुरुवार को रथयात्रा मार्ग, मेला परिसर और प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण कर रथ के गुजरने वाले मार्ग का जायजा लिया तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी हासिल की।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, आपातकालीन निकासी मार्ग तथा अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि रथयात्रा जैसे आस्था के महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंदिर और मेला समिति ने दी आयोजन की जानकारी

निरीक्षण के दौरान श्री जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष लीपु महांती तथा मेला समिति के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने रथयात्रा और मेले के आयोजन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी।

इस अवसर पर सरायकेला इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी विनय कुमार, मंदिर समिति के सचिव शंकर सतपथी, पूर्व अध्यक्ष राजा सिंहदेव सहित प्रशासन, पुलिस और समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version