रांची: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद द्वारा 12 जुलाई को आयोजित होने वाली पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षा के सफल संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

सुबह 7:30 बजे से शाम 4 बजे तक प्रभावी रहेगी निषेधाज्ञा

परीक्षा रविवार, 12 जुलाई, को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए निषेधाज्ञा सुबह 7:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के संयुक्त आदेश के तहत सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

इन गतिविधियों पर रहेगा प्रतिबंध

निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निम्न गतिविधियों पर रोक रहेगी—

  • पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध।
  • किसी भी प्रकार की सभा, प्रदर्शन या बैठक आयोजित नहीं की जा सकेगी।
  • लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक रहेगी।
  • लाठी, डंडा, तीर-धनुष, बंदूक, राइफल या अन्य किसी प्रकार के हथियार लेकर चलना प्रतिबंधित रहेगा।

हालांकि, यह आदेश सरकारी कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों, परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मियों तथा शवयात्रा पर लागू नहीं होगा।

इन 11 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा

प्रशासन के अनुसार जिन परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी, उनमें शामिल हैं—

  • विवेकानंद विद्या मंदिर, धुर्वा
  • सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धुर्वा
  • मनन विद्या, डुमरदगा (बूटी रोड)
  • सेंट एनीस इंटरमीडिएट कॉलेज, पुरुलिया रोड
  • सेंट जॉन्स हाई स्कूल, कर्बला टैंक रोड
  • सेंट पॉल कॉलेज, चर्च रोड
  • सेंट एनीस गर्ल्स हाई स्कूल, पुरुलिया रोड
  • छोटानागपुर पब्लिक स्कूल, बूटी रोड
  • सेंट मार्गरेट गर्ल्स हाई स्कूल, बहू बाजार
  • उर्सुलिन इंटर कॉलेज, डॉ. कामिल बुल्के पथ
  • सेंट पॉल हाई स्कूल, चर्च रोड

प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version