रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर राजधानी रांची में अभ्यर्थियों का सत्याग्रह आंदोलन लगातार जारी है। बापू वाटिका, मोरहाबादी से शुरू हुआ यह आंदोलन अब जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा है, जहां छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में अभ्यर्थी भूख हड़ताल और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।
देशभर से मिल रहा आंदोलन को समर्थन
आंदोलन को अब झारखंड के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों से भी समर्थन मिलने लगा है। दिल्ली, मुंबई, केरल और उत्तर प्रदेश सहित कई स्थानों के लोगों ने अभ्यर्थियों के समर्थन में अपनी एकजुटता दिखाई है। इसके अलावा रांची की कई सामाजिक संस्थाएं और स्वयंसेवी संगठन भी आंदोलनकारी छात्रों की सहायता के लिए आगे आए हैं।
सत्याग्रह स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों के लिए सुबह के नाश्ते से लेकर दोपहर और रात के भोजन तक की निःशुल्क व्यवस्था की जा रही है, ताकि धरने और भूख हड़ताल में शामिल छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बारिश बनी बड़ी चुनौती
राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश ने आंदोलनकारी अभ्यर्थियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। बीती रात हुई बारिश के कारण धरना स्थल पर लगाए गए टेंट में पानी भर गया, जिससे कई छात्रों को खुले आसमान के नीचे रात बितानी पड़ी।
अतिरिक्त टेंट लगाने की मिली अनुमति
छात्रों के अनुसार शुरुआत में प्रशासन ने अतिरिक्त टेंट लगाने की अनुमति नहीं दी थी। हालांकि, लगातार आग्रह के बाद एक छोटा अतिरिक्त टेंट लगाने की अनुमति दी गई है। इसके बावजूद अभ्यर्थियों का कहना है कि खराब मौसम को देखते हुए धरना स्थल पर और बेहतर तथा स्थायी व्यवस्थाएं की जानी चाहिए, ताकि आंदोलन सुचारु रूप से जारी रह सके।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन रहेगा जारी
आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका सत्याग्रह और अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

