जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति के विरोध में आयोजित स्वतःस्फूर्त जमशेदपुर बंद की सफलता पर शहरवासियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बंद को सफल बनाने के लिए आम जनता, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों को बधाई दी।

जारी बयान में सरयू राय ने कहा कि बंद के दौरान सड़कों पर उतरकर लोगों का हौसला बढ़ाने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन, विशेषकर जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस जनसमर्थन से मिले संदेश को समझें और भविष्य की स्वस्थ एवं सकारात्मक राजनीति की दिशा में आगे बढ़ें।

अपराध और महंगाई से परेशान है जनता

सरयू राय ने कहा कि शहर की जनता केवल अपराध, छिनतई, चोरी और चापड़बाजी जैसी घटनाओं से ही परेशान नहीं है, बल्कि भ्रष्टाचार, महंगाई और नकारात्मक राजनीतिक संस्कृति से भी निराश है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे निजी स्वार्थ और प्रतिस्पर्धा की राजनीति से ऊपर उठकर सिद्धांत आधारित सार्वजनिक जीवन को प्राथमिकता दें। उनका मानना है कि यदि राजनीति जनहित और नैतिक मूल्यों पर आधारित होगी, तो जनता उसका समर्थन करेगी।

नैतिक राजनीति को बढ़ावा देने की अपील

विधायक ने कहा कि देश के राजनीतिक इतिहास में महात्मा गांधी, राम मनोहर लोहिया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और लोकनायक जयप्रकाश नारायण जैसे नेताओं की वैचारिक विरासत रही है, लेकिन पिछले कुछ दशकों में इन मूल्यों से राजनीति दूर होती चली गई।

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर बंद से निकला जनसंदेश इसी वैचारिक राजनीति को पुनर्जीवित करने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नैतिक राजनीति और राजनीतिक रणनीति के बीच अंतर को समझने तथा उसी आधार पर नए समर्थकों और कार्यकर्ताओं को जोड़ने की अपील की।

सरयू राय ने कहा कि जनता बदलाव के लिए तैयार है और अब राजनीतिक दलों व कार्यकर्ताओं को भी जनभावनाओं के अनुरूप जिम्मेदार और सिद्धांत आधारित राजनीति का परिचय देना चाहिए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version