रांची: राजधानी रांची में पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम बड़े स्तर पर ‘सखुआ महोत्सव’ आयोजित करने जा रहा है। इसे लेकर शनिवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में उपमहापौर नीरज कुमार समेत शहर के सभी 53 वार्डों के पार्षद शामिल हुए। इस दौरान महोत्सव की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा और पौधारोपण अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद महापौर रोशनी खलखो ने बताया कि सखुआ महोत्सव को जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सभी सामाजिक संगठनों, वार्ड पार्षदों और समाज के प्रबुद्ध लोगों को अभियान से जोड़ने की पहल की जा रही है। सामूहिक सहयोग से ऐसे स्थानों का चयन किया जाएगा, जहां बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा सके।

सखुआ के साथ महुआ, पलाश, कुसुम और डाहू के भी लगाए जाएंगे पौधे

महापौर ने बताया कि महोत्सव के दौरान केवल सखुआ ही नहीं, बल्कि झारखंड की प्राकृतिक पहचान से जुड़े महुआ, पलाश, कुसुम और डाहू सहित विभिन्न स्थानीय प्रजातियों के पौधे भी लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य राज्य की जैव विविधता का संरक्षण, हरित आवरण का विस्तार और पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।

इक्कीसो महादेव से होगी महोत्सव की शुरुआत

नगर निगम की योजना के अनुसार 8 अगस्त को सखुआ महोत्सव का शुभारंभ इक्कीसो महादेव स्थल से किया जाएगा। इस स्थान पर फिलहाल युद्धस्तर पर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। निगम इसे धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के साथ एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम कर रहा है।

महापौर ने कहा कि लंबे समय तक झाड़ियों और उपेक्षा के कारण यह स्थल लोगों की नजरों से दूर रहा, लेकिन अब इसकी सफाई के बाद इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता सामने आ रही है। नगर निगम का प्रयास है कि इस धरोहर को व्यापक पहचान मिले और अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें।

एक महीने तक चलेगा हरित अभियान

सखुआ महोत्सव के शुभारंभ के बाद एक महीने तक रांची के सभी 53 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में वार्ड पार्षदों के साथ सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version