रांची : रांची में चर्चित झारखंड शराब घोटाला मामले की जांच के बीच एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और झारखंड के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के पुत्र रोहित उरांव सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं होंगे। उन्होंने एजेंसी से पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया है।

सूत्रों के अनुसार, रोहित उरांव के अनुरोध के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय उन्हें नई तारीख के साथ दोबारा समन जारी कर सकता है।

25 जून को जारी हुआ था समन

जानकारी के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय ने 25 जून को शराब घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में रामेश्वर उरांव और उनके पुत्र रोहित उरांव को समन जारी किया था।

रोहित उरांव को 30 जून को रांची स्थित प्रवर्तन निदेशालय के जोनल कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही उन्हें बैंक खातों से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी साथ लाने को कहा गया था।

पहले से तय कार्यक्रम का दिया हवाला

बताया जा रहा है कि रोहित उरांव ने एजेंसी को सूचित किया है कि पहले से निर्धारित कार्यक्रम के कारण वे तय तिथि पर पूछताछ में शामिल नहीं हो सकेंगे। उन्होंने नई तारीख निर्धारित करने का अनुरोध किया है। अब संभावना जताई जा रही है कि ईडी उनके अनुरोध पर विचार कर जल्द नया समन जारी करेगी।

पहले हो चुकी है छापेमारी

गौरतलब है कि शराब घोटाला मामले की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय ने इससे पहले रामेश्वर उरांव, रोहित उरांव और कुछ अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े तथ्यों के आधार पर एजेंसी उनसे पूछताछ करना चाहती है।

प्रवर्तन निदेशालय इस मामले की जांच धन शोधन निवारण कानून के तहत कर रहा है और शराब कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन एवं कथित आर्थिक अनियमितताओं की पड़ताल में जुटा हुआ है।

पूर्व मंत्री की पेशी पर अभी नहीं आया अपडेट

फिलहाल पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव की पेशी को लेकर प्रवर्तन निदेशालय की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर एजेंसी की अगली कार्रवाई और रोहित उरांव को जारी होने वाले नए समन पर टिकी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version