धनबाद: जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित मिश्रीडीह मोड़ में बीती रात एक बड़ी डकैती की घटना सामने आई है। नकाबपोश अपराधियों ने रिटायर्ड आर्मी हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर में घुसकर बच्चों को बंधक बना लिया और लाखों की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।

बच्चों को बनाया बंधक, घर में मचाया आतंक

जानकारी के अनुसार, करीब दस की संख्या में आए अपराधियों ने घर में घुसते ही सबसे पहले बच्चों को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने घर में रखी नकदी और जेवरात लूट लिए।

बताया जा रहा है कि अपराधी करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये के गहने अपने साथ ले गए।

सीसीटीवी तोड़कर ले गए डीवीआर

डकैतों ने वारदात को अंजाम देने के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि कोई सबूत न बच सके। इससे पुलिस की जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है।

घटना के वक्त छत पर सो रहे थे मालिक

परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर के मालिक कैलाश प्रसाद मिश्रा खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिससे उन्हें घटना की जानकारी नहीं हो सकी।

पुलिस की देरी पर उठे सवाल

घटना की सूचना रात करीब 2 बजे पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस टीम करीब साढ़े चार बजे मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

मामले को लेकर थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि घटना की जांच जारी है और घर के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि लूट की सही राशि आवेदन मिलने के बाद स्पष्ट हो पाएगी।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version