रांची: झारखंड की राजधानी रांची को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए केंद्र सरकार ने 303 करोड़ रुपये की दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात दी है। इसके तहत रामपुर चौक पर ओवरब्रिज और ओरमांझी के विकास चौक (इरबा) के पास भूमिगत सुरंग का निर्माण किया जाएगा।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। रांची के नेवरी विकास में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ ने रिमोट के माध्यम से इन योजनाओं की आधारशिला रखी।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

रामपुर चौक पर बनने वाला ओवरब्रिज NH-33 पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम को कम करेगा। इससे रांची से जमशेदपुर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

वहीं, ओरमांझी के विकास विद्यालय चौक पर बनने वाली भूमिगत सुरंग रांची आने-जाने वाले लोगों के लिए सफर को और आसान बनाएगी। यह क्षेत्र राजधानी में प्रवेश का प्रमुख मार्ग है, जहां अक्सर यातायात का दबाव बना रहता है।

आउटर रिंग रोड के लिए 6000 करोड़ का प्रावधान

कार्यक्रम में संजय सेठ ने बताया कि रांची के आउटर रिंग रोड के निर्माण के लिए 6000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। लगभग 195 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की DPR अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे मंजूरी मिलने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में करीब 1500 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर लगभग 45 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही ओरमांझी-गोला एक्सप्रेस हाईवे और रांची-वाराणसी रोड जैसी बड़ी परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है।

अन्य परियोजनाओं पर भी काम जारी

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ओरमांझी में फ्लाईओवर, बहरागोड़ा में अंडरपास और चांडिल में ओवरब्रिज का निर्माण भी जल्द होगा। इसके अलावा NH-33 के छूटूपालू घाटी सड़क के चौड़ीकरण को भी मंजूरी मिल चुकी है।

दो साल में पूरा होगा काम

दोनों प्रमुख परियोजनाओं को करीब दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सुरंग परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

इन परियोजनाओं को रांची और आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है, जिससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version