रांची: राजधानी रांची में बीते कुछ दिनों से जारी रसोई गैस संकट के बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रशासन और गैस कंपनियों के बीच हुई बैठक के बाद अब शहर में सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है।
उपायुक्त द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के बाद गैस एजेंसियों ने अपनी डिलीवरी व्यवस्था को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट कहा था कि हर हाल में उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
43 रूट पर शुरू होगी डिलीवरी
जानकारी के अनुसार, शहर की 8 गैस एजेंसियों ने मिलकर कुल 43 रूट तय किए हैं, जिन पर मंगलवार से गैस सिलेंडर की सप्लाई शुरू की जा रही है। इससे लंबे समय से इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इन इलाकों में पहुंचेगी सप्लाई
गैस एजेंसियों के मुताबिक, मंगलवार को अमरावती कॉलोनी, कृष्णापुरी, द्वारकापुरी और चुटिया समेत कई इलाकों में सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी। अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से आपूर्ति की जाएगी।
बैकलॉग खत्म करने की कोशिश
हालांकि कुछ एजेंसियों की स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन उनका कहना है कि लंबित ऑर्डर को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।
पर्याप्त सिलेंडर की हो रही आपूर्ति
गैस कंपनियों की ओर से भी रोजाना पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रशासन की सख्ती और एजेंसियों की सक्रियता से शहरवासियों को राहत मिलती दिख रही है।
